
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखंड) : उत्तराखंड एसटीएफ और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने देहरादून से हथियारों के बड़े जखीरे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति वन्यजीव तस्करों को अवैध हथियार सप्लाई करता था, जिनका इस्तेमाल शिकार में किया जाता था।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कामरान अहमद निवासी यमुना विहार, दिल्ली (वर्तमान में क्लेमेनटाउन, देहरादून) के रूप में हुई है। कामरान लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त था और पहले भी वर्ष 2022 में दिल्ली के प्रतापगंज इंडस्ट्रियल एरिया में 2000 अवैध कारतूसों के साथ पकड़ा गया था।
सूचना मिलने पर STF और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गुरुवार को छापा मारकर कामरान को क्लेमेनटाउन केशवकुंज इलाके से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वह ये हथियार महाराष्ट्र के वन्यजीव तस्करों को सप्लाई करता था, जो दुर्लभ वन्य प्रजातियों के शिकार में इनका इस्तेमाल करते थे।
जांच जारी, नेटवर्क हो सकता है अंतरराज्यीय:
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह संभावना जताई जा रही है कि कामरान का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर फैला हुआ है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। वन्यजीवों के शिकार और हथियार तस्करी के इस गठजोड़ ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।






