उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

केदारनाथ यात्रा 2026: हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का अलर्ट! भूलकर भी न करें इन वेबसाइट्स पर भरोसा

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग : आगामी  केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी (Advisory) जारी की है। चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर सक्रिय साइबर अपराधियों से बचने के लिए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सतर्क रहने को कहा है।

ठगी का नया तरीका: ‘Sponsored’ लिंक और फर्जी विज्ञापन

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि साइबर ठग फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल सर्च पर ‘Sponsored’ (प्रायोजित) पोस्ट के जरिए आकर्षक विज्ञापन दिखाते हैं। ये विज्ञापन देखने में असली लगते हैं, लेकिन इनका मकसद यात्रियों को नकली वेबसाइटों पर ले जाकर उनसे पैसे ऐंठना होता है।

सावधान! इन 3 तरीकों से जाल बिछाते हैं अपराधी:

  1. मिलती-जुलती वेबसाइट्स: अपराधी ‘Pawan Hans’ या ‘Himalayan’ जैसे प्रतिष्ठित नामों से मिलती-जुलती स्पेलिंग वाली फर्जी वेबसाइट बना लेते हैं।

  2. व्हाट्सएप और क्यूआर कोड: ठग व्हाट्सएप कॉल या चैट के जरिए टिकट बुकिंग का दावा करते हैं और यात्रियों पर सीधे बैंक ट्रांसफर या QR Code स्कैन करने का दबाव बनाते हैं।

  3. VIP कोटा का लालच: “लास्ट मिनट बुकिंग” या “VIP कोटे” के नाम पर झांसा देकर ठग लोगों से मोटी रकम वसूल रहे हैं।

केवल यहाँ से करें आधिकारिक बुकिंग

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा के लिए केवल एक ही आधिकारिक पोर्टल है:

आधिकारिक वेबसाइट: https://heliyatra.irctc.co.in

श्रद्धालु किसी भी अन्य लिंक, ऐप या फोन कॉल के माध्यम से भुगतान न करें। आधिकारिक पोर्टल के यूआरएल (URL) की स्पेलिंग को ध्यान से जांचें।

ठगी होने पर क्या करें?

यदि आप किसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो बिना देरी किए निम्नलिखित कदम उठाएं:

  • साइबर हेल्पलाइन: तुरंत 1930 पर कॉल करें।

  • ऑनलाइन शिकायत: www.cybercrime.gov.in पर अपनी रिपोर्ट दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button