उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

केदारनाथ यात्रा 2026: 22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा, DM विशाल मिश्रा के सख्त निर्देश- लापरवाही की तो खैर नहीं

जन एक्सप्रेस/रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध  केदारनाथ धाम यात्रा इस वर्ष 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एन.आई.सी. (NIC) सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

“लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी” – जिलाधिकारी

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी काम हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


 राष्ट्रीय राजमार्ग और सिंकिंग जोन पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग के भूस्खलन और भू-धंसाव (सिंकिंग जोन) वाले संवेदनशील क्षेत्रों में चल रहे उपचारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

  • इन क्षेत्रों पर है नजर: नरकोटा, जवाड़ी बाईपास, तिलवाड़ा, चंद्रापुरी, गुप्तकाशी, तरसाली और मुनकटिया सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में तेजी से काम पूरा करने को कहा गया है।

  • सख्त निर्देश: सड़कों पर किसी भी तरह का मलबा या सामग्री नहीं होनी चाहिए। पैचवर्क, रोड मार्किंग, स्लोप ट्रीटमेंट और क्रैश बैरियर लगाने का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए और स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं।


 पैदल मार्ग और पड़ावों की व्यवस्थाएं

गौरीकुंड से केदारनाथ तक के पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं पर भी गंभीर चर्चा की गई:

  • मार्ग पर पेयजल, आवास, रैन शेल्टर और नेटवर्क कनेक्टिविटी को दुरुस्त किया जा रहा है।

  • घोड़ा-खच्चर के संचालन हेतु पंजीकरण और बीमा की स्थिति की समीक्षा की गई।

  • स्वास्थ्य सेवाएं: डॉक्टरों की तैनाती के साथ-साथ मार्ग में एक्स-रे और ईसीजी (ECG) जैसी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

 स्वच्छता को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने पर्यावरण और स्वच्छता पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि:

  • पर्याप्त संख्या में पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) की तैनाती की जाए।

  • पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त शौचालय हों और महिला शौचालयों में सेनेटरी पैड डिस्पोजल की व्यवस्था हो।

  • मार्ग पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी।


 बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे और जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button