कथावाचक संग मारपीट पर गरजे अखिलेश!
कथा मंडली को 51-51 हजार देने का ऐलान, हमलावरों पर साधा निशाना

जन एक्सप्रेस।लखनऊ/इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा में कथावाचक और उनकी मंडली पर हुई मारपीट की घटना ने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आज पार्टी कार्यालय में कथा मंडली के सदस्यों को बुलाया और उन्हें 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
अखिलेश यादव ने कथावाचकों के सम्मान की बात करते हुए कहा, “धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाजवादी पार्टी हर उस व्यक्ति के साथ है जो समाज को जोड़ने का काम करता है।”
इतना ही नहीं, अखिलेश ने पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मंडली की मदद के लिए दान की घोषणा करवाई। मौके पर मौजूद नेताओं ने भी उदारता दिखाते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
राजनीतिक गलियारों में हलचल:
इस घटना को लेकर सपा ने सत्तारूढ़ दल पर भी हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा, “आज जो लोग धर्म और संस्कृति की बातें करते हैं, वहीं उनके शासन में कथावाचकों की सरेआम बेइज्जती हो रही है। ये उत्तर प्रदेश की संस्कृति का अपमान है।”
कथावाचकों ने अखिलेश यादव का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग ने उन्हें हिम्मत दी है और इंसाफ की उम्मीद भी।
गौरतलब है कि इटावा में बीते दिन एक धार्मिक कथा के दौरान कथावाचक और उनकी मंडली पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया था। कथावाचक की पगड़ी उछालने और भजन कार्यक्रम में तोड़फोड़ की घटनाओं से स्थानीय जनता में भी आक्रोश है।






