मानिकपुर में भूमाफिया का बोलबाला! विवादित जमीनों पर धड़ल्ले से हो रही अवैध प्लाटिंग
बिना नक्शा, बिना धारा 80, बिना रोड-नाली — प्रशासन मूकदर्शक, योगी सरकार के दावों को लग रही चोट

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र में भू-माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। विवादित और कृषियोग्य जमीनों को खरीदकर उन्हें बिना किसी प्राधिकरणीय स्वीकृति के प्लॉटों में तब्दील कर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इन अवैध कॉलोनियों में न तो रोड है, न नाली की व्यवस्था और न ही विकास का कोई मानक पूरा किया गया है।सूत्रों के अनुसार, भूमाफिया न तो भूमि की धारा 80 कराते हैं और न ही किसी प्रकार का नक्शा पास करवाते हैं। लोग मेहनत की कमाई लगाकर जमीन खरीद लेते हैं, लेकिन जब बसने की बारी आती है तो सामने आती है सच्चाई — न रास्ता निकलने की जगह, न बुनियादी सुविधाएं।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिकायत लेकर अधिकारीयों के पास जाते हैं तो वे हाथ खड़े कर देते हैं, यह कहते हुए कि “भूमि भूमिधरी है, कुछ नहीं किया जा सकता।” इस मिलीभगत ने सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की बात करती है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक साठगांठ से खुलेआम अवैध प्लाटिंग का कारोबार फल-फूल रहा है। लोगों ने शासन से अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।






