जल जीवन मिशन की टंकी में बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकरी पहरा गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी में एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान टंकी पर लगे लेफ्टर के पलट जाने से दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज के लिए रेफर किया गया है।स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के समय मजदूरों के पास न तो सेफ्टी बेल्ट थी और न ही किसी प्रकार का सुरक्षा उपकरण। ठेकेदार द्वारा लापरवाहीपूर्वक बिना किसी सुरक्षा मानक के मजदूरों से ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।इस घटना ने एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजना में भी यदि ठेकेदारों की मनमानी और प्रशासन की लापरवाही जारी रही, तो ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह उठता है – क्या दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर यह हादसा भी आंकड़ों में गुम हो जाएगा?






