मेरा लक्ष्य मेरी पहचान’ पत्रिका का विमोचन, करियर मेले में दिखी प्रतिभा की उड़ान

जन एक्सप्रेस/ भरतकूप (चित्रकूट)। राजकीय हाईस्कूल भरतकूप में विद्यालय का द्वितीय करियर मेला बड़े ही भव्य और प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रथम पंख पत्रिका “मेरा लक्ष्य मेरी पहचान” का विमोचन मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया, जिसे सभी ने सराहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामेश्वर पांडेय, प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल इटवा डुडेला (चित्रकूट) एवं संरक्षक, प्रांतीय कार्यकारिणी, राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश द्वारा फीता काटकर किया गया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में विवेक सिंह (जिला संयोजक), डॉ. प्रदीप शुक्ल (जिला पुस्तकालय अध्यक्ष), अनिल कुमार प्रधानाचार्य, शशिकला व पार्वती देवी (प्रधानाचार्य, राजापुर), अनुपम सिंह (प्रधानाचार्य, सदगुरु बरवारा) एवं पुरुषोत्तम प्रजापति उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति से कार्यक्रम में चार चांद लग गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, डायरी-पेन भेंट कर एवं बैज लगाकर सम्मान किया गया। छात्राओं सोनम, छाया, आंशिका, कमला, जियास्या व रागिनी ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं लव सिंह, सविता, अनिता, प्रियंका व खुशबू द्वारा सूर्य नमस्कार मंत्र के साथ प्रस्तुति दी गई।करियर मार्गदर्शन को लेकर तमन्ना टेस्ट और सीआईआई टेस्ट के माध्यम से रोल-प्ले प्रस्तुत किया गया, जिसे अजय कुमार, नवीन, आलोक, रक्षा, छाया एवं गार्गी ने प्रभावी ढंग से मंचन किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी शंकाओं के समाधान का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में SMDC एवं PTM के सदस्य भी उपस्थित रहे। पीएमवी गया प्रसाद बौद्ध के आगमन पर भी सभी ने हर्ष व्यक्त किया। अतिथियों ने करियर मेले का निरीक्षण किया, जहां विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टर, रचनात्मक कार्य एवं पंख पत्रिका का अवलोकन कर भूरी-भूरी प्रशंसा की।विद्यालय में संचालित गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने 12 प्रकार के हाउस, स्पोर्ट्स, मेहंदी, संगीत, दुकानदार मॉडल, पुस्तकालय, विज्ञान किट, मॉडल, मैथ पार्क, गणित किट, अंग्रेजी व हिंदी भाषा, सामाजिक विज्ञान एवं डिजिटल बोर्ड आदि स्टालों पर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने स्टालों पर जाकर विद्यार्थियों से प्रश्न किए, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। संगीत स्टॉल पर डॉ. प्रदीप शुक्ल ने गीत भी सुना।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य कमला साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नेहा सिंह ने किया। पंख पत्रिका के लिए मधु विश्वकर्मा के प्रयासों की सराहना की गई, वहीं रश्मि श्रीवास्तव एवं रितेश कुमार की कला को भी खूब प्रशंसा मिली।करियर मेले ने विद्यार्थियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा भी तय की।






