उत्तर प्रदेश

यमुना के तराई क्षेत्र घाटमपुर में पहली बार खिल सकता है कमल!

कानपुर । नगर निकाय चुनाव की दुंदुभी बजी हुई है और निर्दलीय व राजनीतिक दलों के उम्मीदवार नामांकन की प्रक्रिया में मशगूल हैं। हालांकि सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने अभी पत्ते नहीं खोले। भाजपा नगर निगम के साथ अबकी बार उन नगर पालिकाओं पर फोकस तेज कर दिया है जहां पर भाजपा कभी नहीं जीती। जनपद में ऐसी ही नगर पालिका परिषद घाटमपुर है जो यमुना के तराई क्षेत्र में आती है और पहली बार कमल खिलाने की मशक्कत चल रही है।

कानपुर नगर के मुख्यालय से करीब 60 किमी दूर यमुना नदी की तराई क्षेत्र में घाटमपुर कस्बा बसा हुआ है। यह कस्बा कृषि के साथ व्यावसायिक दृष्टि से अहम स्थान रखता है और 1979 में पहली बार नगर पालिका परिषद अस्तित्व में आई। इससे स्थानीय कर प्रणाली के तहत विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी। इस नगर पालिका की खासियत है कि अब तक चुने गये अध्यक्ष रामस्वरूप गुप्ता, सूर्यपाल यादव, नीलम चौरसिया, राजेश चौरसिया और संजय सचान किसी भी राजनीतिक दल से नहीं आते हैं, लेकिन अबकी बार सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने यहां से पहली बार कमल खिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

भाजपा के जिला महामंत्री ग्रामीण वेदव्रत सचान ने बताया कि संजय सचान लगातार दो बार से निर्दलीय के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष हैं, लेकिन अबकी बार पार्टी मजबूत प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएगी और पहली बार कमल खिलेगा। केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद कल्याणकारी योजनाओं से जिस प्रकार लोग लाभान्वित हो रहे हैं, उससे अबकी बार नगर पालिका का चुनाव परिणाम जरूर पार्टी के पक्ष में रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button