मड़ियाहूं पीजी कॉलेज राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर परिसर और स्थानीय स्टेडियम की साफ-सफाई अभियान से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया।
इसके बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय सेवा योजना कार्य समिति के सदस्य डॉ. संतोष कुमार पांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSS केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को आरडी परेड तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोरम, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. सुशील मिश्रा और डॉ. सुषमा मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुरेश कुमार पाठक ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों को राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी।






