Maharajganj: झरही नदी पर बन रहा पुल, दर्जनों गांवों को मिलेगा लाभ
27 मीटर लंबा व 8.5 मीटर चौड़ा पुल, मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: झरही नदी पर निर्माणाधीन पुल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होने जा रहा है। वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को अब जल्द ही सुगम और सुरक्षित रास्ता उपलब्ध होगा। करीब 27 मीटर लंबे और 8.5 मीटर चौड़े इस पुल का निर्माण लगभग 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। पुल निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। पुल के बन जाने से नौतनवा और सिसवा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के बीच की दूरी कम हो जाएगी और लोगों का समय भी बचेगा।
इस पुल से नौतनवा क्षेत्र के रमगढ़वा, भरगाई, मोहनापुर, गणेशपुर, अमहवा, लक्ष्मीपुर, सागरहवा, निविहअवा सहित सिसवा क्षेत्र के रामनगर, अराजी बैरिया, किशुनपुर, सड़कहवा, ठूठीबारी, धर्मौली और भरवलिया समेत दर्जनों गांव सीधे लाभान्वित होंगे। विशेष रूप से बरसात के दिनों में जब नदी उफान पर होती है, तब ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
स्कूली बच्चों को भी बाढ़ के समय लंबा रास्ता तय कर ठूठीबारी स्थित स्कूल पहुंचना पड़ता था। पुल बनने के बाद यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल के निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। अब ग्रामीणों को बाजार, स्कूल और अस्पताल जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
इस संबंध में जेई इम्तियाज अली ने बताया कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक पुल बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।






