Maharajganj: डीएम ने मधवलिया गोसदन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
एक सप्ताह में चालू होगा गोबर गैस प्लांट, गोसदन को मॉडल बनाने की तैयारी तेज

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस प्लांट एवं हरे चारे की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान गोबर गैस प्लांट के निष्क्रिय पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कारण पूछा। जल निगम के जेई ने बताया कि गैस चैंबर में स्लरी जम जाने से प्लांट बंद हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर कमियां दूर कर प्लांट चालू कराने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि गोसदन में कुल 737 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 558 नंदी और 179 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए 234.08 कुंतल भूसा, 43.28 कुंतल चोकर, 71.15 कुंतल पशु आहार और 243.90 कुंतल साइलेज उपलब्ध है। हरे चारे के लिए 242 एकड़ में बाजरा, 2 एकड़ में नेपियर और 0.5 एकड़ में जई की खेती की जा रही है।
जिलाधिकारी ने पशुओं के पोषण स्तर में सुधार हेतु हरे चारे के उत्पादन को बढ़ाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गोसदन में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण कर मुख्य द्वार सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर 15 दिन के बैकअप के साथ कैमरे सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने गोसदन में फलदार वृक्षों के रोपण पर जोर देते हुए अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए। वर्मी कंपोस्ट उत्पादन के संबंध में बीडीओ निचलौल ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादन और बिक्री की जा रही है, वहीं गोबर से गोकाष्ठ भी तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने वर्मी कंपोस्ट की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए कृषि, गन्ना एवं उद्यान विभाग के माध्यम से समूह का अनुबंध कराने तथा गोकाष्ठ की बिक्री के लिए नगर निकायों व अंत्येष्टि स्थलों के साथ कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गोसदन को आत्मनिर्भर और मॉडल गोसदन के रूप में विकसित करने की पूरी संभावना है, जिसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। इस कार्य हेतु जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोसदन परिसर में आम का पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी निचलौल, बीडीओ निचलौल, डीपीआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






