महराजगंज डीएम ने फोन पर सुनीं मतदाताओं की परेशानियाँ
गणना प्रपत्र से लेकर ऑनलाइन फॉर्म तक जिलाधिकारी ने स्वयं किया समाधान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने एसआईआर प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए एक नई पहल शुरू की है। गुरुवार को उन्होंने स्वयं फोन पर बैठकर जनपद के मतदाताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। सुबह 11 बजे से 12 बजे के बीच आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में पांच विधानसभाओं से कुल 37 मतदाताओं ने फोन कर अपनी शंकाएँ दर्ज कराईं।
जिलाधिकारी ने हर शिकायत को विस्तार से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पनियरा विधानसभा के हरपुर महंत निवासी विवेक ने गणना प्रपत्र न मिलने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित ईआरओ को तत्काल प्रपत्र उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। वहीं फरेंदा के राम अचल ने मतदाता सूची में नाम गलत होने पर संशय व्यक्त किया कि क्या उसी गलत नाम को गणना प्रपत्र में भरना होगा। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र में हमेशा सही जानकारी ही भरें। कई मतदाताओं ने ऑनलाइन एसआईआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी मांगी, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि 2003 की मतदाता सूची सभी बीएलओ तथा उनके सहयोगियों के पास उपलब्ध है, मतदाता उनसे संपर्क कर सूची की प्रति प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से भी सूची डाउनलोड की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि फोन पर मिली शिकायतों को तुरंत संबंधित ईआरओ को भेज दिया गया है और 24 घंटे के भीतर निस्तारण के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं में फैली भ्रांतियों को दूर करना और एसआईआर से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि वे प्रतिदिन मोबाइल नंबर 8423675896 पर 11 से 12 बजे तक मतदाताओं की समस्याएँ सुनेंगे।
बीएलओ का मनोबल बढ़ाने के लिए घोषित पुरस्कार योजना का जिक्र करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि किसी भी मतदाता को एसआईआर फॉर्म भरने में परेशानी न हो। उनकी इस पहल की जनपद के मतदाताओं ने सराहना की है और इसे लोकहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।






