Maharajganj: बी-सी ग्रेड योजनाओं पर प्रभारी मंत्री का कड़ा रुख, प्रगति सुधारने का अल्टीमेटम
निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा दयालु ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा परियोजनाओं की प्रगति से संबंधित जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर अवगत कराया जाए। उन्होंने शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान चेतरा नर्सरी, वनग्राम-24 तथा हथियाहवा–बलुअहिया संपर्क मार्ग के निर्माण में हो रही देरी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनग्रामों का विकास मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, ऐसे में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण के संदर्भ में उन्होंने आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर शीघ्र संचालन प्रारंभ करने का निर्देश दिया। वहीं राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय, बिशुनपुर के निर्माण में देरी पर संबंधित ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने को कहा।
बैठक में बी एवं सी ग्रेड की योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए मंत्री ने सुधारात्मक कदम उठाने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के उपरांत उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन मल्टी पर्पज हॉल का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही हॉल परिसर में स्वयं सहायता समूहों एवं जनपद के प्रमुख उत्पादों के लिए दुकान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें प्रोत्साहन मिल सके।
मंत्री ने अधिकारियों से विभागों में नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यटन, कृषि और एमएसएमई क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में जनपद की उल्लेखनीय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अधिकारियों को मंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इससे पूर्व जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री व जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, एडीएम (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






