Maharajganj: एसएसबी ने युवाओं में भरा जोश, प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में सीमावर्ती क्षेत्र के 450 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण, समापन पर दिए प्रमाण पत्र

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं एवं युवतियों को केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित पूर्व-भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमावर्ती गांवों के कुल 450 युवाओं एवं युवतियों के लिए आयोजित किया गया था। उपरोक्त कार्यक्रम समवाय ठूठीबारी और सोनौली में आयोजित हुआ, जहां प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
उपरोक्त समापन समारोह के मुख्यातिथि एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी नरेश कुमार जांगिड रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को संबोधित कर उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पूर्व-भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में उत्साह और उमंग का संचार हुआ। यह पूर्व-भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर, अनुशासित और केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस अवसर पर वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट प्रिया यादव, इंस्पेक्टर शिव पूजन, कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर, अनूप यादव, मृत्युंजय तिवारी, मनोहर यादव, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन प्रसाद गुप्ता सहित तमाम अन्य भी लोग उपस्थित रहे।






