जलालपुर में ‘महीना राज’ का खुलासा रिटायर्ड IPS अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी से की कड़ी कार्रवाई की मांग

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस संरक्षण में फल-फूल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ रिटायर्ड आईपीएस व आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी डीजीपी को पत्र भेजकर सख़्त कार्रवाई की मांग की है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जुआ अवैध शराब और अनैतिक कारोबार खुलेआम चल रहा है जिसकी पुष्टि हाल ही में किए गए पत्रकारों के स्टिंग ऑपरेशन से भी हुई है।
ठाकुर ने अपने पत्र में बताया कि जलालपुर के आठ प्रमुख बाज़ार जलालपुर, सिरकोनी, चौरी बाज़ार, पराउगंज, परेव, राजेपुर, सितमसराय और त्रिलोचन अवैध गतिविधियों का अड्डा बने हुए हैं। स्टिंग ऑपरेशन में सामने आए वीडियो में संबंधित लोगों ने खुले तौर पर स्वीकार किया कि “थाने पर महीना जाता है मेरा मालिक थाना प्रभारी को नोटों के बंडल से तोलता है यहाँ तक कि 20,000 रुपये थाने पर फेंक देंगे जैसी चौंकाने वाली बातें कही गईं।
स्टिंग सामने आने के बाद जलालपुर थाना पुलिस ने 26 नवंबर 2025 को चार एफआईआर दर्ज कीं, पर अमिताभ ठाकुर ने इन कार्यवाहियों को “सिर्फ दिखावटी” बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर अवैध गतिविधियां आज भी जारी हैं।
उन्होंने डीजीपी से पूरे प्रकरण का उच्चस्तरीय संज्ञान लेकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता का पुलिस पर से उठ रहा भरोसा फिर स्थापित हो सके।






