मुठभेड़ में मखन्चू हत्याकांड का मुख्य आरोपी शक्ति बनवासी घायल, पिस्टल व कारतूस बरामद
स्वाट, सर्विलांस और सरायख्वाजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; तीन अभियुक्त गिरफ्तार, मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगी

जन एक्सप्रेस जौनपुर।थाना सरायख्वाजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार देर रात मखन्चू हत्याकांड का मुख्य आरोपी शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी पुत्र मनीराम निवासी कुहिया मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से एक .32 बोर पिस्टल, दो खोखा कारतूस और एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।
झाड़फूंक करने वाले मखन्चू की 1 नवंबर को हुई थी हत्या
01 नवंबर 2025 की रात ग्राम कडैला में झाड़फूंक करने वाले मखन्चू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी संयुक्त टीमों ने जांच के दौरान पाया कि मृतक मखन्चू से शक्ति बनवासी का जमीन और पैसों को लेकर विवाद था। बताया गया कि शक्ति को शक था कि मखन्चू ने उसकी मां पर “मेलान (भूत)” कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी रंजिश में शक्ति ने अपने साथियों गोरख गौतम और शत्रुधन यादव के साथ मिलकर मखन्चू की हत्या की थी।
मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना के खुलासे के क्रम में 08 नवंबर को पुलिस ने गोरख गौतम पुत्र रामबचन गौतम निवासी कुहिया और शत्रुधन यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी गुरैनी, थाना खेतासराय को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
करंजाकला मार्ग पर हुई मुठभेड़
शनिवार की रात करीब 2:10 बजे प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मय पुलिस टीम करंजाकला मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने जब रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। उसकी पहचान शक्ति बनवासी के रूप में हुई।पुलिस ने मौके से पिस्टल, खोखा कारतूस और स्कूटी बरामद की। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना व पुरस्कार की घोषणा की है।





