अवैध आतिशबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 कुंतल बारूद जब्त
दीपावली से पहले चार मुकदमे दर्ज, 14 लाइसेंसधारकों पर भी गिरी गाज — पुलिस-प्रशासन सतर्क

जौनपुर जन एक्सप्रेस ब्यूरो:दीपावली पर्व को देखते हुए जौनपुर पुलिस प्रशासन ने अवैध आतिशबाजी के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। अब तक की गई कार्रवाई में करीब 20 कुंतल अवैध पटाखे बरामद कर सीज किए गए हैं। बिना अनुमति के पटाखे रखने वालों के खिलाफ चार अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं, वहीं 14 लाइसेंसधारकों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीमों ने रिहायशी क्षेत्रों में दबिश देकर कई स्थानों पर आतिशबाजी का स्टॉक पकड़ा। मौके पर पहुंची फायर टीम ने इन स्थलों का परीक्षण किया और आग से संभावित खतरे के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की कोशिश है कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।पुलिस अधीक्षक डॉ. कौश्तुंभ ने बताया कि जिन 14 लाइसेंसधारकों ने लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन मामलों में निलंबन की संस्तुति करते हुए पत्राचार किया जा चुका है।सुरक्षा उपायों के तहत फायर ब्रिगेड द्वारा स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रासायनिक आग (Chemical Fire) से बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता शिविर लगाए गए हैं।एसपी डॉ. कौश्तुंभ ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत दुकानों से ही आतिशबाजी खरीदें और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें, जिससे दीपावली का यह पर्व खुशियों के साथ सुरक्षित भी बना रहे।






