राष्ट्रपति भवन में मनेरी के बच्चों ने बाँधी महामहिम को राखी
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, मनेरी के छात्रों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संग मनाया रक्षाबंधन

जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी: विकासखंड भटवाड़ी के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, मनेरी के छात्रों का इस वर्ष का रक्षाबंधन स्मरणीय, ऐतिहासिक और गर्व से भरा रहा। इस विद्यालय के 6 बच्चों ने 9 अगस्त को दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में जाकर भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राखी बाँधकर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे उत्तरकाशी जनपद का मान बढ़ाया।
प्रदेश से दो स्कूलों का चयन, मनेरी रहा शामिल
रक्षाबंधन के इस विशेष कार्यक्रम के लिए प्रदेश स्तर पर केवल दो विद्यालयों के छात्रों को आमंत्रित किया गया। इनमें से एक था उत्तरकाशी जनपद का राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मनेरी और दूसरा बागेश्वर जनपद का एक विद्यालय।
मनेरी से चयनित बच्चों में शामिल रहे: कु. वैष्णवी ,कु. अक्षायनी ,सुधांशु ,वेदांश ,सुयश रावत
इन छात्रों के साथ विद्यालय के शिक्षक राजीव सेमवाल भी राष्ट्रपति भवन पहुँचे।
राष्ट्रपति के साथ पर्व मनाना बना जीवनभर की स्मृति
विद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बच्चों ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपने हाथों से राखी बाँधी और उनके साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। यह क्षण बच्चों के लिए जीवनभर की यादगार स्मृति बन गया है।
शिक्षा विभाग और जनपद प्रशासन ने दी शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोठियाल और विकासखंड उप शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत ने बच्चों और विद्यालय को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे उत्तरकाशी जनपद के लिए गर्व की बात बताया और भविष्य में भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे अवसरों को प्रोत्साहित करने की बात कही।






