पर्यटन मानचित्र पर आएगा ‘मंगलगढ़ किला’, यूपी पर्यटन निदेशालय ने किया स्थलीय निरीक्षण
चरखारी क्षेत्र में पर्यटन संभावनाओं को टटोलने पहुँची उच्चस्तरीय टीम, अवस्थापना विकास की रूपरेखा पर हुई चर्चा

जन एक्सप्रेस चरखारी (महोबा): उत्तर प्रदेश को सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन की दिशा में और समृद्ध करने के प्रयासों के तहत पर्यटन निदेशालय द्वारा गठित टीम ने चरखारी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मंगलगढ़ किले का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं, अवस्थापना सुविधाओं और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
निरीक्षण दल में उत्तर प्रदेश पर्यटन निदेशालय के सलाहकार एस.के. दुबे, टीम लीडर एवं एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी चित्रगुप्त श्रीवास्तव शामिल रहे। किले की वर्तमान स्थिति, ऐतिहासिक अभिलेखों में स्वामित्व, भूमि की उपलब्धता तथा पर्यटकों के रहने और आवागमन संबंधी आवश्यकताओं पर गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार हेमकांत त्रिपाठी, नगरपालिका परिषद चरखारी के कर्मचारी अयूब खान, सौरभ सक्सेना, तेज प्रताप, सदर कानूनगो सत्यप्रकाश राठौर, और सदर लेखपाल लक्ष्मण सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पर्यटन सलाहकार एस.के. दुबे ने बताया कि मंगलगढ़ किला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, और इसे पर्यटन नक्शे पर लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, अवस्थापना सुविधाओं का विकास कर स्थानीय रोजगार को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।






