प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर,माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि, विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह ने संकट मोचन धाम स्टेडियम, प्रेमकापूरा (सुजानगंज–मुंगरा बादशाहपुर) में आयोजित प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
समारोह के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवा यदि स्वस्थ और अनुशासित रहेंगे तभी राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि आज के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा उद्यान विभाग के तत्वावधान में संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर के समीप पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद बी.पी. सरोज, अजय शंकर दुबे, संतोष तिवारी, जिला महामंत्री सुशील मिश्रा, आलोक सिंह, कैलाश दुबे, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, प्रगतिशील किसान एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।






