हाथरस : शिक्षक से मोबाइल स्नैचिंग, CCTV में कैद बदमाश

जन एक्सप्रेस/हाथरस: जनपद के सासनी कस्बे में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। के.एल. जैन इंटर कॉलेज के शिक्षक शोभित जैन से बदमाशों ने दिनदहाड़े मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना उस समय हुई जब शिक्षक शोभित जैन मंदिर से दर्शन कर बाजार से सामान लेकर मोहल्ला अजीत नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनका मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार में फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई यह पूरी घटना पास ही स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाश बाइक पर फरार होते साफ दिखाई दे रहे हैं।
शोर मचाने के बावजूद बदमाश बाजार की ओर भाग निकलने में कामयाब रहे। इस घटना के बाद इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित शिक्षक की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।







