जौनपुर: परीक्षा देने गई छात्रा लापता, मां ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, अपहरण का आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद के सुजानगंज थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव से एक छात्रा के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। 12 मार्च को बोर्ड परीक्षा देने गई छात्रा सोनिया घर वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पीड़ित मां दुर्गा देवी के अनुसार, उनकी बेटी सोनिया परीक्षा देने कॉलेज गई थी, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे के बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों द्वारा की गई खोजबीन के दौरान कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध गतिविधि सामने आई।
सीसीटीवी फुटेज में छात्रा कॉलेज गेट के बाहर खड़ी दिखाई देती है। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां आते हैं, जिनमें से एक से छात्रा बातचीत करती नजर आती है। इसके कुछ ही देर बाद छात्रा वहां से गायब हो जाती है।
परिजनों ने आसिफ नाम के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया या उसका अपहरण किया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक खलवई गांव का निवासी है।
पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत सुजानगंज थाने में दर्ज कराई, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दुर्गा देवी का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन उनकी बेटी की तलाश को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
न्याय की आस में दुर्गा देवी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और अपनी अर्जी सौंपी। हालांकि उनकी मुलाकात पुलिस अधीक्षक से नहीं हो सकी, लेकिन अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और लापता छात्रा को कब तक सुरक्षित बरामद किया जा सकेगा।






