उत्तराखंड

परीक्षा केन्द्रों में पूर्णतया सभी के लिए प्रतिबंधित रहेगा मोबाइल

हरिद्वार । जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट परिषदीय परीक्षा को नकल विहीन एवं शान्तिपूर्ण ढंग से कराये जाने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ एक बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी को मुख्य शिक्षा अधिकारी केके गुप्ता ने बताया कि उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परिषदीय परीक्षाएं 16 मार्च से प्रारम्भ होकर 06 अप्रैल को पूर्ण होंगी, जो प्रातः 10 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक होंगी। उन्होंने अवगत कराया कि हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट परिषदीय परीक्षा के सफल सम्पादनार्थ जनपद हरिद्वार में 109 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें से 17 एकल परीक्षा केन्द्र और 99 मिश्रित परीक्षा केन्द्र हैं।

जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय द्वारा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केन्द्रों के सम्बन्ध में पूछे जाने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 19 संवेदनशील केन्द्र तथा 09 अतिसंवेदनशील केन्द्र जनपद में विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुये चिहनित किये गये हैं।

परिषदीय परीक्षा में शामिल होने वाले कुल परीक्षार्थियों के बारे में अवगत कराया कि वर्ष-2023 की परिषदीय परीक्षा में सम्मिलित होने वाले हाईस्कूल (संस्थागत) के परीक्षार्थियों की संख्या जनपद में 24556 है तथा हाईस्कूल (व्यक्तिगत) के परीक्षार्थियों की संख्या-727 है। इसी प्रकार परिषदीय परीक्षा में सम्मिलित होने वाले इण्टर (संस्थागत) के परीक्षार्थियों की संख्या जनपद में 21819 है तथा इण्टर(व्यक्तिगत) के परीक्षार्थियों की संख्या 1220 है। इस प्रकार जनपद में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 48322 है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्रों पर शान्तिपूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित कराने के साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर इस प्रकार शान्तिपूर्ण माहौल बनाया जाये कि परीक्षार्थी सहज होकर परीक्षा दे सकें।

विनय शंकर पाण्डेय ने निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्रों के परिसर में परीक्षार्थियों, कक्ष निरीक्षकों, कर्मचारियों, सचल दल के सदस्यों द्वारा मोबाइल का उपयोग पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button