उत्तराखंड में बनेंगे 1000 से अधिक नए मतदान केंद्र
ऊंची इमारतों में भी बनाए जाएंगे नए मतदान केंद्र, मृत्यु पंजीकरण डेटाबेस से होगी मतदाता सूची की शुद्धि, क्रम संख्या को प्रमुखता से दिखाने के साथ मतदाता सूची होगी और अनुकूल

जन एक्सप्रेस/उत्तराखण्ड : प्रदेश में मतदान को और सुविधाजनक और सुगम बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक बड़ा फैसला लिया गया है। राज्य में 1000 से अधिक नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या को 1500 से घटाकर 1200 किया गया है। इस बदलाव के चलते नए मतदान केंद्रों की आवश्यकता पड़ी है। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में कुल 11,647 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर लगभग 12,647 से अधिक हो सकते हैं।
ऊंची इमारतों में भी होंगे बूथ :
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अब ऊंची इमारतों में भी मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को दूर नहीं जाना पड़े और विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को लाभ मिल सके।
मतदाता सूची में बड़े बदलाव :
डॉ. पुरुषोत्तम ने यह भी बताया कि मतदाता सूची को और अधिक सटीक और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया जाएगा। इसके लिए मृत्यु पंजीकरण डेटाबेस का इस्तेमाल कर मृत मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। इसके अलावा, सूची में क्रम संख्या को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा जिससे मतदाताओं को अपनी प्रविष्टि ढूंढ़ने में आसानी हो।






