फेज 0.5 के तहत बहिलपुरवा थाने में सास-बहू महिला चौपाल का आयोजन
इंटरनेशनल पायनियर्स क्लब व पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयास से 200 से अधिक महिलाओं को किया गया जागरूक, कंबल व साड़ी का वितरण

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट/(हेमनारायण हेमू):यशस्वी मुख्यमंत्री की अति महत्वपूर्ण योजना महिला सशक्तिकरण फेज 0.5 के अंतर्गत समाजसेवी संस्था इंटरनेशनल पायनियर्स क्लब द्वारा पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में थाना बहिलपुरवा, मानिकपुर क्षेत्र में सास-बहू महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ 200 से अधिक सास-बहुओं को कंबल व साड़ियों का वितरण किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पाठा क्षेत्र के आदिवासियों के बीच इस प्रकार का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सास-बहू के बीच अक्सर मतभेद देखने को मिलते हैं, लेकिन एक साथ बैठकर किया गया यह आयोजन आपसी एकता और पुलिस के प्रति विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने महिलाओं से बच्चों की शिक्षा, साफ-सफाई और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में 1090 नंबर याद रखें, पुलिस सदैव आपके साथ है। यदि कहीं कोई सुनवाई न हो तो सीधे उनसे संपर्क करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शीघ्र ही इसी थाना परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी आवश्यक जांचें कर दवाओं का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क से ही सकारात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं।उपजिलाधिकारी जसीम खान ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन सदैव तत्पर है। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर अरविंद कुमार वर्मा ने महिलाओं से डायल 112 नंबर याद रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पांच मिनट के भीतर सहायता उपलब्ध कराएगी।संस्था के अध्यक्ष केशव शिवहरे ने बताया कि उनकी संस्था विगत 27 वर्षों से बिना किसी सरकारी या गैर-सरकारी अनुदान के, केवल सदस्यों के सहयोग से जरूरतमंदों को शीतकालीन वस्त्र उपलब्ध कराती आ रही है। इसी क्रम में आज 200 से अधिक सास-बहुओं को कंबल व साड़ी वितरित की गई।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य और महत्वपूर्ण भूमिका के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा सत्यम त्रिपाठी, थानाध्यक्ष बहिलपुरवा को शॉल एवं कामतानाथ महाराज का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पीआरओ कौशल सिंह, संस्था के पदाधिकारी डॉ. सीएन सिंह, विवेक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, नितेश केसरवानी सहित बहिलपुरवा थाना स्टाफ उपस्थित रहा।






