यमुनोत्री हाईवे पर आवाजाही ठप, लगातार मलबे से राहत कार्य प्रभावित

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: यमुनोत्री हाईवे पर लगातार सड़क धंसने और पहाड़ी से चट्टान व मलबा गिरने की वजह से चौथे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो सका है। ईई मनोज रावत ने बताया कि बार-बार कटाव और बोल्डरों के गिरने से दिक्कतें बढ़ रही हैं, हालांकि मार्ग को दुरुस्त करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
इसी बीच स्याना चट्टी में यमुना नदी पर बन रही झील की समस्या अब भी बनी हुई है। नदी हालांकि एक ओर से बह रही है, लेकिन कुपड़ा खड्ड और अन्य जगहों से आने वाला मलबा और बोल्डर नदी के तल को भर रहे हैं, जिससे खतरा लगातार बढ़ रहा है। सिंचाई विभाग के ईई पन्नी लाल का कहना है कि कुपड़ा खड्ड और यमुना नदी के संगम स्थल पर मलबा जमा होने से निकासी बाधित हो रही है, जिसके चलते यह समस्या बार-बार सामने आ रही है। स्थिति को सामान्य करने के लिए मौके पर मशीनरी भेजी जा रही है।
वहीं, गंगोत्री हाईवे भी नलूणा के पास भूस्खलन से बंद हो गया है। यहां सड़क खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन लगातार भूस्खलन के कारण मार्ग खोलने में समय लग रहा है।






