उत्तर प्रदेश

सांसद ने प्रधान डाकघर घंटाघर की क्षतिग्रस्त इमारत का निरीक्षण किया

मेरठ । घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर के क्षतिग्रसत हिस्से को गिराने की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने डाकघर की क्षतिग्रस्त इमारत का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ इस बारे में बातचीत की।

पानी की पाइपलाइन फटने से रिसते पानी और पास में बन रही इमारत के बेसमेंट में खोदाई से घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर की नींव को नुकसान पहुंचा और भवन के पिछले हिस्से में काफी दरार आ गई। इसके बाद डाकघर का सामान समेट कर सारा कामकाज मेरठ कैंट स्थित डाकघर में शुरू कराया गया। अब डाकघर के क्षतिग्रस्त हिस्से को गिराने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम के मुख्य अभियंता ने पांच अभियंताओं की तकनीकी टीम का गठन किया है। इस टीम में पीडब्ल्यूडी के दो सहायक अभियंता और तीन अवर अभियंता शामिल हैं। इस टीम ने कामकाज शुरू कर दिया है। सीनियर पोस्टमास्टर एसके शर्मा ने देहली गेट थाने में इमारत का निर्माण करा रही एसओ डेवलपर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बुधवार को प्रधान डाकघर घंटाघर क्षतिग्रस्त होने पर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डाकघर द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था किये जाने, डाकघर का पुनर्निर्माण कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में डाक विभाग के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button