गोमतीनगर के सहारा शहर में बनेगा नया विधानभवन, तैयारी तेज

जन एक्सप्रेस /लखनऊ: गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की खाली पड़ी जमीन पर नए विधानभवन के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। शासन के निर्देश के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने कवायद शुरू कर दी है और कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
कंसल्टेंट के माध्यम से विधानभवन का डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और आधुनिक डिजाइन तैयार कराया जाएगा। सहारा शहर क्षेत्र में कुल 245 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है, जिसमें से 75 एकड़ जमीन LDA और 170 एकड़ जमीन नगर निगम के कब्जे में है।
जमीन की पैमाइश पूरी कर रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है, वहीं उच्च स्तर पर नए विधानभवन के निर्माण को लेकर सहमति भी बन चुकी है। अधिकारियों के अनुसार यह लोकेशन आवागमन और कनेक्टिविटी के लिहाज से उपयुक्त मानी जा रही है।
नए विधानभवन के निर्माण से मौजूदा विधानसभा परिसर में ट्रैफिक, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट से जुड़ी समस्याओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह परियोजना राजधानी के सुनियोजित विकास की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।






