उत्तर प्रदेशलखनऊ

अब ‘घर’ बनाना पड़ेगा और भारी! लखनऊ में मकान का नक्शा पास कराना हुआ महंगा

एलडीए ने सुख-सुविधा शुल्क को तीन गुना तक बढ़ाया, अब देने होंगे ₹200 से ₹500 प्रति वर्ग मीटर शहर के हर कोने में लागू होगा शुल्क, पहले सिर्फ चुनिंदा इलाकों में था लागू

जन एक्सप्रेस संवाददाता, लखनऊ। अगर आप लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे हैं, तो अब जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी होगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने मकान का नक्शा पास कराने के लिए सुख-सुविधा शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर दी है। अब पूरे शहर में मकान निर्माण के लिए ₹200 से ₹500 प्रति वर्ग मीटर तक का शुल्क देना होगा।

क्या है नया नियम?

एलडीए बोर्ड की बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में यह बड़ा फैसला लिया गया।
अब तक यह शुल्क केवल शहीद पथ और किसान पथ के अगल-बगल 250 मीटर के दायरे में मकान बनवाने वालों से लिया जाता था, लेकिन अब पूरा शहर इस दायरे में आ गया है। यानी हर नक्शा पास कराने वाले को यह शुल्क देना अनिवार्य होगा।

कितना देना होगा शुल्क?

नया शुल्क पहले की तुलना में करीब तीन गुना ज्यादा है।

पहले: ₹50 से ₹150 प्रति वर्ग मीटर

अब: ₹200 से ₹500 प्रति वर्ग मीटर
यह शुल्क शहीद पथ, किसान पथ और ग्रीन कॉरिडोर के विकास के नाम पर वसूला जाएगा।

सरकारी सड़कों के किनारे भी पास होगा नक्शा

बैठक में एक और राहत भरा निर्णय लिया गया —
अब जिन सड़कों की चौड़ाई कम से कम 7.5 मीटर है और जो 200 मीटर लंबी हैं (सरकारी विभागों द्वारा निर्मित), वहां मकान का नक्शा पास किया जा सकेगा। इससे कई बस्तियों और नए विकास क्षेत्रों को राहत मिलेगी।

क्या बोले अधिकारी?

एलडीए सूत्रों के अनुसार,

शहर में तेजी से बढ़ रहे विकास कार्यों और इंफ्रास्ट्रक्चर दबाव को देखते हुए शुल्क बढ़ाना जरूरी था। इससे शहीद पथ और किसान पथ जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी।”

जनता की चिंता भी जायज़

हालांकि आम नागरिकों का कहना है कि पहले से ही भवन निर्माण महंगा है, और अब नक्शा पास कराने की प्रक्रिया में अतिरिक्त आर्थिक बोझ आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। इस फैसले से एलडीए को राजस्व बढ़ाने में मदद जरूर मिलेगी, लेकिन सपनों के घर की राह में आम लोगों के लिए एक और आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button