वायरल

4 अप्रैल को जिलाध्यक्ष अक्षत पांडेय के नेतृत्व में शिक्षक करेंगे दिल्ली कूच :शिवशंकर पांडेय

जन एक्सप्रेस/ हरदोई : उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद हरदोई की जिला कार्यसमिति और संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ‘शिक्षक भवन’ के सभागार में संपन्न हुई। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शिव शंकर पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 4 अप्रैल 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

क्यों हो रही है महारैली? (मुख्य मुद्दे)

शिक्षकों की इस नाराजगी के पीछे कई गंभीर कारण हैं:

  1. TET की अनिवार्यता: वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET अनिवार्य करने और अर्हता न होने पर पद से हटाने के आदेश को संघ ने ‘अन्यायपूर्ण’ करार दिया है।

  2. पुरानी पेंशन (OPS): 2005 में नियुक्त परिषदीय शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन की मांग को लेकर लड़ाई जारी है। संघ का कहना है कि जब माध्यमिक विद्यालयों के विषय विशेषज्ञों को पेंशन मिल सकती है, तो परिषदीय शिक्षकों के साथ भेदभाव क्यों?

  3. शिक्षकों का उत्पीड़न: संगठन का आरोप है कि सरकार लगातार शिक्षकों पर उत्पीड़न का वातावरण बना रही है।

“अनुमति मिले न मिले, रैली होकर रहेगी”

बैठक को संबोधित करते हुए शिव शंकर पांडेय ने कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि रैली के लिए परमिशन का पूरा प्रयास किया जाएगा, लेकिन यदि अनुमति नहीं मिलती है, तो भी संगठन पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने चेतावनी दी:

“यदि पुलिस ने बसों को कहीं भी रोका, तो शिक्षक वहीं सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर देंगे। यह हमारे मान-सम्मान और आजीविका की ‘आर-पार’ की लड़ाई है। डरने या भागने वाले तत्वों के लिए संगठन में कोई जगह नहीं है।”

हरदोई से हजारों की भागीदारी: जिलाध्यक्ष का लक्ष्य

जिलाध्यक्ष अक्षत पांडेय ने बताया कि इस महारैली में देश के 16 राज्यों के शिक्षक संगठन शामिल हो रहे हैं। हरदोई के प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम एक बस (न्यूनतम 50 शिक्षक) दिल्ली जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने वाहन या ट्रेन के साधन की जानकारी जिला संगठन को जल्द उपलब्ध कराएं।

सुप्रीम कोर्ट में कानूनी अड़चनें

बैठक में बताया गया कि TET मुद्दे पर कोर्ट में 38 रिव्यू पिटीशन दाखिल हैं, जिससे सुनवाई बाधित हो रही है। संगठन जल्द ही कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर रिव्यू दाखिल करने की एक निश्चित समय सीमा तय करने की मांग करेगा ताकि मामले का शीघ्र निस्तारण हो सके।

बैठक में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष ललित शुक्ला ने किया। बैठक में जिला मंत्री विपिन सिंह, अंनत राम पांडेय, रूपेश अवस्थी, हिमांशु श्रीवास्तव, वीरपाल कठेरिया, संजीव पांडेय, अनुराग अवस्थी, आशा वर्मा, संदीप त्रिवेदी सहित भारी संख्या में ब्लॉक अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button