उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

महाशिवरात्रि पर जौनपुर में नंदी पूजन, डीएम ने गोवंश की पूजा कर खिलाया चारा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विकास खंडों में संचालित गो-आश्रय स्थलों पर नंदी पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और विधि-विधान के साथ आयोजित किए गए।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंन्द्र ने शाहगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत सराय ख्वाजा स्थित अस्थायी गो-आश्रय स्थल पहुंचकर नंदी पूजन कार्यक्रम में भाग लिया।

सराय ख्वाजा ग्राम पंचायत

जिलाधिकारी ने विधिवत रूप से गोवंश का पूजन-अर्चन किया, उन्हें माल्यार्पण किया और तिलक लगाकर भगवान शिव के वाहन नंदी की आराधना की। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपने हाथों से गोवंश को गुड़, केला और हरा चारा खिलाया।

नंदी पूजन का धार्मिक महत्व
जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर नंदी पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान शिव के वाहन नंदी को समर्पित यह पूजा आस्था, समर्पण और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने गोसेवा को भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए कहा कि गौसंरक्षण हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है।

व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गो-आश्रय स्थलों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त चारा, नियमित पशु चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

साथ ही उन्होंने केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया, ताकि गोवंश की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

गो-सेवकों का सम्मान
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गोवंश की सेवा में लगे गो-सेवक को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और उनके समर्पण व सेवा भाव की सराहना की।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी, गो संरक्षण केंद्र के कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

भक्ति और सेवा का संगम
पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के वातावरण में संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि के इस विशेष अवसर पर नंदी पूजन के माध्यम से न केवल धार्मिक परंपराओं को निभाया गया, बल्कि समाज को गौसंरक्षण और सेवा का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button