महाराणा प्रताप जयंती पर हाथरस में 9 मई को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जन एक्सप्रेस/हाथरस: हाथरस में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हाल ही में ग्राम पंचायत परसारा के सचिवालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, संयोजक संदीप सिसोदिया और सह-संयोजक जोगेंद्र सिंह, नरेश प्रधान और छोटू राणा को ग्राम प्रधान मनोज सिसोदिया द्वारा सम्मानित किया गया। स्थानीय लोगों और समाज के प्रतिनिधियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
संयोजक संदीप सिसोदिया ने बताया कि शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य महाराणा प्रताप की वीरता और त्याग की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी के युद्ध में उनकी वीरता आज भी प्रेरणा देती है। वहीं अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने समाज की एकता पर जोर देते हुए सभी से सहयोग की अपील की।
यह ऐतिहासिक शोभायात्रा आगामी 9 मई को तुलसी भवन, गौशाला रोड से शुरू होकर दाऊजी महाराज मंदिर पर समाप्त होगी। कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।






