हमीरपुर: लम्बित मामलों के निपटारे को सुलह समझौता अभियान का आदेश
एक जुलाई से तीस सितम्बर 2025 तक चलेगा पूरे मुल्क की अदालतों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सुलह समझौता अभियान

जन एक्सप्रेस/हमीरपुर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नालसा नई दिल्ली सहित मीडियेशन, कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के तहत 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक पूरे मुल्क में सुलह समझौता अभियान के तहत दीवानी अदालत कैंपस हमीरपुर में मनोज कुमार राय जिला जज व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर की सदारत में सुलह समझौता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर के सचिव महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने सुलह समझौता अभियान के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि इस अभियान के जरिये हमीरपुर जिले में कार्यरत सभी अदालतों में पैन्डिग पड़े शादी के मामले, दुर्घटना दावे से जुड़े मामले, जमीन अधिग्रहण, दाण्डिक शमनीय मामलों सहित दीवानी झगड़ों के मामलों का निपटारा दोनों पार्टियों की मरजी से सुलह समझौता के जरिये से किया जायेगा। जिसके चलते वादकारियों के वक्त और रुपये की बचत होगी साथ ही दोनों पार्टियों के बीच आपसी नाराजगी और दुश्मनी में भी भारी कमी आयेगी। इस मौके पर जिला जज ने सभी पीठासीन अधिकारियों से आपसी सुलह समझौते के जरिये ज्यादा से ज्यादा मामलों को निपटने की अपील की है।






