योगी सरकार का बड़ा फैसला: आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा पूरा हक
ESI, EPF और मेडिकल लीव जैसी सुविधाएं अब होंगी सुनिश्चित

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ:उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब इन कर्मचारियों को भी स्थायी कर्मियों की तरह ESI, EPF, मेडिकल अवकाश और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सरकार जल्द ही “आउटसोर्स सेवा निगम” का गठन करने जा रही है, जिसके तहत यह सभी लाभ नियमबद्ध ढंग से उपलब्ध कराए जाएंगे।
निगम के जरिए होगी पारदर्शी भर्ती और वेतन व्यवस्था
“आउटसोर्स सेवा निगम” की स्थापना के बाद कर्मचारियों की भर्ती, वेतन भुगतान, अवकाश और सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं एक निश्चित नियम के अंतर्गत संचालित होंगी। इससे जहां सेवा की गुणवत्ता में सुधार होगा, वहीं कर्मचारियों को भी भविष्य की सुरक्षा मिलेगी। सभी नियुक्तियों का संचालन अब पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से होगा।
मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
आउटसोर्स कर्मचारियों को अब 180 दिन की मैटरनिटी लीव, आकस्मिक व मेडिकल अवकाश, EPF और ESI की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, पेंशन और ESI अस्पतालों में मुफ्त इलाज जैसे लाभ भी सुनिश्चित किए गए हैं। यह निर्णय प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत और सम्मान दोनों लेकर आया है।






