उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

पंकज चौधरी बने यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष, निर्विरोध चयन से संगठन में उत्साह

लखनऊ से जौनपुर तक जश्न, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जताई खुशी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में की। जैसे ही यह घोषणा हुई, प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

जौनपुर में जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को टीवी पर लाइव देखा। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी।

जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने कहा कि सर्वसम्मति से पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना पार्टी संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी का प्रशासनिक अनुभव और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का अनुभव उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर रणनीति के साथ जनता के बीच जाएगी और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफल होगी।

जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने कहा कि पंकज चौधरी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले इकलौते नेता थे। शनिवार को जब उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उनके प्रस्तावक बने। उनका निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को उन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने पंकज चौधरी को अनुभवी, कर्मठ और जमीनी नेता बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भाजपा और अधिक सशक्त होगी तथा संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं को संगठनात्मक स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पंकज चौधरी के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर रोहन सिंह, सिद्धार्थ राय, परविंदर चौहान, इंद्रसेन सिंह, घनश्याम यादव, प्रमोद प्रजापति, संदीप सिंह, उमेश सिंह, आदित्य मौर्य, शुभम मौर्य, आशुतोष उपाध्याय, अमित पाठक, के.के. विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button