संसद में मणिपुर के मुद्दे पर व्यवधान जारी, लोकसभा में सिनेमैटोग्राफ विधेयक पारित

नई दिल्ली । संसद में सोमवार को भी मणिपुर के मुद्दे पर व्यवधान रहा और दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार स्थगित होती रही। इस दौरान लोकसभा में सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 चर्चा के बाद पारित किया गया।
लोकसभा में कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से प्रारंभ हुई। थोड़े समय के बाद कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दो बजे कार्यवाही के प्रारंभ होने पर संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022 सदन में राज्यसभा संशोधनों पर विचार के लिए लिया गया।
इसके बाद सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 सदन में चर्चा और पारित करने के लिए लाया गया। चर्चा का उत्तर देते हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे देश में पाइरेसी पर लगाम लगेगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
दूसरी ओर राज्यसभा की कार्यवाही सुबह शुरू होने पर नेता सदन पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्ष मणिपुर पर चर्चा से भाग रहा है। सरकार आज ही इसपर चर्चा के लिए तैयार है। सभापति ने भी कहा कि उन्होंने इसकी अनुमति दी है। हालांकि नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष नियम 267 के तहत इसपर चर्चा चाहता है।