
जन एक्सप्रेस/देहरादून।
नाबालिग बच्चों और छात्रों को अवैध रूप से शराब पिलाने तथा नशे का कारोबार करने वाले गिरोह के खिलाफ आवाज उठाना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। श्री बालाजी अपार्टमेंट, देहराखास, कोतवाली पटेलनगर निवासी पत्रकार राज छाबड़ा ने आरोप लगाया है कि टीओटी लॉज से जुड़े लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उस पर हमला करने के लिए जाल बिछाया।
राज छाबड़ा ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि वह एक चैनल का संचालन करते हैं और कुछ दिन पहले उन्होंने बसंत विहार थाना क्षेत्र के इंदरानगर स्थित टीओटी लॉज में नाबालिग बच्चों को शराब और नशे का हुक्का पिलाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने लॉज पर छापा मारकर कुछ लोगों के चालान किए और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
राज छाबड़ा के अनुसार, छापे के बाद लॉज से जुड़े व्यक्ति वैभव सोनकर और राजा ने उन्हें “देख लेने” की धमकी दी और अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि 5 नवंबर की रात करीब 8 बजे, लॉज के नए संचालक यश अग्रवाल ने उन्हें लॉज के उद्घाटन समारोह में बुलाया था। इस दौरान अचानक राजा, वैभव सोनकर, लाला, पवन और अतुल ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी तरह वे वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकले।
पत्रकार राज छाबड़ा उर्फ रोहित ने पुलिस मुख्यालय और एसएसपी अजय सिंह से अपनी जानमाल की सुरक्षा की मांग की है तथा आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करने की गुहार लगाई है।






