बेहटा गोकुल में जल जीवन मिशन के पाइप चोरी का खुलासा, 6 चोर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/शाहाबाद: बेहटा गोकुल पुलिस,स्वाट एवं सर्विलांस पुलिस ने थाना क्षेत्र से पिछले वर्ष मार्च में जल जीवन मिशन के 58 पाइप चोरी किये जाने के मामले का खुलासा करते हुए आधा दर्शन अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से चोरी के आठ पाइप और घटना में प्रयुक्त डीसीएम बरामद की गई। 26 जुलाई 2025 को जल जीवन मिशन में पाइप लाइन डालने वाले ठेकेदार बरेली जनपद निवासी हरिनंदन पुत्र डोली राम द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई कि 22 मार्च 2025 को ग्राम मुसेपुर थाना बेहटागोकुल से अज्ञात चोरों द्वारा 58 पाइप चोरी कर लिये गये । इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा घटना का सफल अनावरण करने हेतु पुलिस टीम गठित कर संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये थे।
थाना बेहटागोकुल के उप निरीक्षक रविकेश कुमार,स्वाट सर्विलांस के प्रभारी राजेश सिँह,अब्दुल जब्बार और पुलिस बल द्वारा पाइप चोरी की घटना के प्रकाश में आये दीपक कुमार पुत्र रामदयाल निवासी ग्राम शिवनगर बाईपास थाना कैंट जनपद अयोध्या, रिंकू पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम दीवानपुरवा थाना रौनाही जनपद अयोध्या,शिवप्रसाद पुत्र नन्कऊ निवासी ग्राम गोरियाबाद थाना जामो जनपद अमेठी,अजीत पुत्र इन्द्रजीत सिंह निवासी ग्राम शहरी थाना कूड़ेभार जनपद सुल्तानपुर, शंकरलाल पुत्र अंगनू निवासी ग्राम शिवपुर थाना जामो जनपद अमेठी और अश्वनी पुत्र विद्याधर निवासी ग्राम बेलामऊ थाना मुंगराबाद जनपद जौनपुर को चोरी किये गये 8 पाइप व एक डीसीएम, 07 मोबाइल सहित गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार चोरों ने पुलिस को बताया दिन के समय रेकी कर रात को भिन्न भिन्न स्थानों से पाइप चोरी करते थे। उन लोगों ने ही 21 मार्च को ग्राम मुसेपुर थाना बेहटागोकुल से पाइप चोरी किये थे। वह लोग पाइप चोरी कर जनपद बहराइच के कान्ट्रेक्टर हरिओम पाण्डेय व अवनीश यादव को बेचा करते थे। बेहटा गोकुल प्रभारी निरीक्षक ने गिरफ्तार सभी चोरों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।






