PM किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, किसानों ने देखा सजीव प्रसारण

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का वितरण पूरे जिले में किया गया। इस अवसर पर कृषि भवन सहित सभी विकासखंड मुख्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कृषि भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने के महत्व पर जोर दिया।
उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार और कृषि विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने किसानों को यह भी बताया कि रजिस्ट्रेशन से भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा और कृषि से जुड़ी सेवाएं पारदर्शी एवं त्वरित रूप से उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने सरकार की पहल की सराहना की और आशा जताई कि यह योजना कृषि क्षेत्र में सुधार और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में सहायक साबित होगी। जिले के सभी विकासखंडों में किसानों ने उत्साहपूर्वक इस योजना की 22वीं किस्त का लाभ प्राप्त किया।






