ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज़, उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

जन एक्सप्रेस/ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025 का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष का यह तीसरा संस्करण रूस को साझीदार देश के रूप में शामिल करते हुए आयोजित किया जाएगा, जो प्रदेश के ‘क्राफ्ट, कुजीन और कल्चर’ को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अनूठा अवसर देगा।
UPITS 2025 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों, विनिर्माताओं और व्यापारियों को अपने उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन को आईटी/आईटीईएस, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, संस्कृति, ऊर्जा और ओडीओपी जैसे क्षेत्रों के लिए एक वैश्विक प्लेटफॉर्म बताया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले दो संस्करणों ने प्रदेश के निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया और UPITS ने उत्तर प्रदेश की वैश्विक पहचान को मजबूत किया है। इस साल रूस की सहभागिता इसे और भी आकर्षक बना देगी और प्रदेश के क्राफ्ट, खानपान और संस्कृति को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन के दौरान प्रत्येक दिन विशेष थीम पर आधारित नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उद्यमियों और व्यापारियों को नवीनतम रुझानों और संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी। यह सत्र नवाचार, व्यापार रणनीति और उद्योग की दिशा पर केंद्रित होंगे। मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर प्रशासन को आयोजन के दौरान यातायात, सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को यादगार और सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
UPITS अब तक उत्तर प्रदेश के व्यापार और निर्यात को वैश्विक पहचान देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह न केवल व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि, कला और खानपान को दुनिया के सामने लाएगा। इस आयोजन में भाग लेकर उद्यमी और व्यापारी उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकते हैं। UPITS 2025 के माध्यम से प्रदेश को वैश्विक व्यापार और संस्कृति का केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।






