पुलिस ने पांच चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी की विद्युत मोटर बरामद

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले की कंधई थाने की पुलिस ने विद्युत मोटर चोरी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीते दिनों ट्यूबेल पर लगी मोटर चोरी हो गई थी जिस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार कंधई थाना इलाके के मंगरौरा निवासी अखिलेश सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि उनके घर के बगल स्थित खेत में लगे टयूबेल पर लगी किर्लोस्कर की तीन हार्स पावर की बिजली की मोटर शनिवार रात अज्ञात चोर खोल ले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी उसी क्रम में कंधई पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोटर चोरी के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त थाना इलाके के मंगरौरा व भदौना गांव के ही हैं। पुलिस द्वारा उनके कब्जे से विद्युत मोटर भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज गौतम, ग्रेटी सरोज, साहिल, आयुष्मान गौतम व पंकज गौतम का नाम शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि जरूरतों को पूरी करने के लिए उन लोगों ने मोटर चोरी करने की योजना बनाई। इसके बाद मंगरौरा में खेत में लगे ट्यूबवेल की मोटर को पांचों ने शनिवार रात ट्यूबवेल की छत पर रखे कटरैन को हटाकर ट्यूबवेल में घुसकर मोटर चोरी कर लिये। बताया कि चोरी करने के बाद हम लोगो ने मोटर को महुआ की बाग में छुपाकर रख दिया कि मामला शान्त होने पर बेच देंगे। आरोपियों ने बताया कि पांचों चोरी के मोटर को बेचने की योजना बना ही रहे थे कि पकड़ लिये गये। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।






