उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़: एक घायल, एक गिरफ्तार, पुरस्कार घोषित अपराधी फरार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद के शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैया मोड़ के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस चेकिंग के दौरान SOG टीम और शाहगंज पुलिस की बदमाशों से अचानक मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मार्ग पर देर रात हुई, जहां पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

पुलिस द्वारा रोके जाने पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक बदमाश इस्तेखार पुत्र मुस्ताक, निवासी माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 35 वर्ष) के दाहिने कंधे में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर ही काबू कर लिया गया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त जयसिंह पुत्र गुड्डू लोना, निवासी निजामपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ (उम्र लगभग 28 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए हैं।

हालांकि, इसी दौरान एक पुरस्कार घोषित अपराधी विशाल यादव पुत्र अनिल यादव, निवासी आजमगढ़, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस द्वारा उसकी तलाश में आसपास के क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है और सीमावर्ती थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

पुलिस पार्टी द्वारा बदमाशों की पिकअप गाड़ी की तलाशी लेने पर बड़ा खुलासा हुआ। वाहन से 04 गोवंश जीवित तथा 02 गोवंश मृत अवस्था में बरामद किए गए। प्राथमिक जांच में मामला गौ तस्करी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार बदमाश लंबे समय से गौ तस्करी व अन्य संगीन अपराधों में लिप्त थे और उनकी तलाश की जा रही थी।

फिलहाल घायल बदमाश का इलाज जारी है, जबकि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर नेटवर्क और फरार अपराधी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार बदमाश को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान

CO शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया—
“पुलिस व SOG टीम द्वारा चेकिंग के दौरान बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। एक अभियुक्त घायल हुआ है, एक को गिरफ्तार किया गया है। मौके से अवैध असलहा और गोवंश बरामद हुए हैं। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button