उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

नशा तस्कर और उसकी पत्नी पर पुलिस का चला हंटर, एक साल के लिए निरुद्ध

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई की गई। मानिकपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग माफिया राजेश मिश्रा और उसकी पत्नी रीना मिश्रा के खिलाफ पीआईटी- एनडीपीएस एक्ट के तहत एक वर्ष के लिए निरुधीकरण की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से जिले के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। मालूम हो कि ​बीते दिनों पुलिस ने जेल में बंद गैंग सरगना राजेश मिश्रा के मूंदीपुर स्थित आवास पर 22 घंटे तक सघन छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने घर के तहखाने और अलमारियों से दो करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की थी। इतनी बड़ी रकम को गिनने के लिए पुलिस को मशीनों का सहारा लेना पड़ा था। इसके अलावा 577 ग्राम स्मैक और 6 किलो गांजा भी बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।​ ​पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेश मिश्रा पर एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट सहित बीस गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसकी पत्नी रीना मिश्रा पर भी आठ मुकदमे दर्ज हैं। राजेश मिश्रा जेल में रहकर ही अपने परिवार के जरिए तस्करी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान रीना मिश्रा, विनायक, कोमल, अजीत और यश मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ​यह कार्रवाई ड्रग तस्करी को रोकने का सबसे कड़ा कानूनी हथियार माना जाता है। इसके तहत आदतन अपराधियों को समाज के लिए खतरा मानते हुए बिना जमानत के एक वर्ष तक जेल में निरुद्ध रखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया भी पहले ही अमल में लाई जा चुकी है। नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। संगठित गिरोह चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button