सुरसेन में पानी पर सियासत! पानी टंकी बंद, हैंडपंप जर्जर
प्रधान-सचिव पर भ्रष्टाचार और धमकी के गंभीर आरोप, डीएम से जांच की मांग

जन एक्सप्रेस चित्रकूट/पहाड़ी :ग्राम पंचायत सुरसेन, ब्लॉक पहाड़ी में जल संकट ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बीते 15 दिनों से बंद पड़ी पानी टंकी ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव में पानी सप्लाई पूरी तरह ठप है, और ग्रामवासी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान सुभाष चंद्र और ग्राम सचिव मनीष के इशारे पर टंकी की सप्लाई रोक दी गई है। बताया गया कि मोटर जल चुकी है, लेकिन जब ग्रामीणों ने सप्लाई शुरू करने की मांग की, तो सचिव मनीष ने प्रति कनेक्शन ₹2160 जमा करने की बात कही।
फरवरी में भी उठा था मुद्दा, फिर दोहराया गया खेल
गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी 2025 में भी गांव में इसी तरह की अवैध वसूली के खिलाफ उपजिलाधिकारी राजापुर को ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया था। तब अस्थायी रूप से पानी सप्लाई चालू कर दी गई थी और वसूली रोकी गई थी। लेकिन अब फिर से वही तरीका अपनाकर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है।गांव की स्थिति यह है कि लोग गर्मी में बेहाल हैं और जानवर-पक्षी भी पानी की तलाश में भटक रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरी योजना सुनियोजित तरीके से अवैध वसूली करने के लिए रची गई है।
हैंडपंप भी जवाब दे गए, कागजों में लाखों की मरम्मत
गांव के हालात पानी टंकी तक ही सीमित नहीं हैं। 8 से 10 हैंडपंप पूरी तरह से ध्वस्त हैं और वर्षों से उनकी कोई मरम्मत नहीं हुई। फिर भी ग्राम पंचायत के खाते से लाखों रुपये की निकासी कागजों पर दर्शाई गई है।ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने प्रधान और सचिव से बात की, तो उन्हें टालने का प्रयास किया गया। आखिरकार, जिलाधिकारी को पत्र देकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
कड़ी चेतावनी: कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
पानी की सप्लाई बंद होने और भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द कोई सख्त प्रशासनिक कदम नहीं उठाया गया, तो गांव में जमकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।






