प्रेम जाल, धोखा और जबरन कब्जा! स्वर्ण व्यवसायी पर महिला से दुष्कर्म और संपत्ति हड़पने का आरोप

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जिले के शाहगंज क्षेत्र के बड़ौना गांव की एक महिला ने एक स्वर्ण व्यवसायी पर प्रेम जाल में फंसा कर उसके साथ धोखाधड़ी और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसके पुश्तैनी मकान और जमीन भी हड़प ली।
पति की मौत के बाद किया विश्वासघात
पीड़िता के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र का एक स्वर्ण व्यवसायी, जो उसके घर के पास दुकान चलाता था, पहले उसके पति से दोस्ती कर उनके घर आने-जाने लगा। धीरे-धीरे उसने परिवार का विश्वास जीतकर उनकी संपत्ति अपने और अपने भाई के नाम रजिस्ट्री करवा ली। इस बीच, बीमारी के चलते 4 अक्टूबर को पीड़िता के पति का निधन हो गया। पति की मौत के बाद, आरोपी ने साजिश के तहत महिला की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी बनाने का झांसा दिया।
धमकी देकर किया सामूहिक दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि 27 अक्टूबर की रात आरोपी अपने दो साथियों के साथ उसके कमरे में जबरन घुस आया और दरवाजा बंद कर लिया। उसने धारदार कैंची से डराकर जबरन उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और अब उसकी कथित पत्नी महिला को फोन कर लगातार धमकियां दे रही है।
न्याय की गुहार, अब तक कोई कार्रवाई नहीं
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे 30 हजार रुपये उधार दिए थे, जिस पर 10% मासिक ब्याज लगाकर अब 22 लाख रुपये की मांग कर रहा है। आरोपी उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। महिला का कहना है कि राजनीतिक दबाव के कारण स्थानीय पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।






