जौनपुर में जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
कलेक्ट्रेट सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ, डीएम ने लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में हुआ।
प्रशिक्षण सत्र में जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग, सांख्यिकीय अन्वेषक ग्रेड-2 ने डिजिटल जनगणना 2027 की प्रक्रिया के तहत सेन्सस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CMMS) पोर्टल के बारे में अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने सभी जनगणना पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य शासन की प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






