जनगणना 2027 की तैयारी: कलेक्ट्रेट सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में सभी ग्रामीण एवं नगर चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्ता तथा उसकी गोपनीयता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पूर्व 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। वहीं दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पाण्डेय एवं जिला प्रभारी जनगणना श्री अम्बिका मौर्य ने जनगणना से संबंधित विभिन्न सत्रों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सीएमएमएस पोर्टल, एचएलवीओ के गठन सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनरों ने भी विभिन्न सत्रों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






