उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहाथरस

हाथरस में गणतंत्र दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, एडीएम न्यायिक प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

जन एक्सप्रेस/हाथरस:  हाथरस में आगामी 26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने की।

बैठक के दौरान एडीएम न्यायिक ने शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की भावना के साथ गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और सादगीपूर्ण तरीके से मनाया जाए।

उन्होंने बताया कि 26 जनवरी की सुबह प्रातः 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों पर झंडा अभिवादन किया जाएगा। वहीं, जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों में प्रातः 10:00 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन में झंडारोहण के बाद पुलिस परेड आयोजित की जाएगी, जिसकी सलामी जिला मजिस्ट्रेट द्वारा ली जाएगी।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किए जाने की बात भी कही गई। साथ ही सभी सरकारी भवनों को 25 जनवरी की संध्या पर रोशनी से सजाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का उद्देश्य है कि गणतंत्र दिवस का यह राष्ट्रीय पर्व पूरे सम्मान, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button