जौनपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियां पूरी, 1.54 लाख छात्र देंगे परीक्षा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर,उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संगोष्ठी भवन, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी।
पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी। जनपद के 206 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल के 77,042 और इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 और 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है। डीएम ने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने और केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने को संकल्पित है। उक्त अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक कुमार, समस्त सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कंट्रोल रूम प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।






