प्रधानमंत्री कल छठ महापूजा समारोह में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री के छठ पूजा समारोह में शामिल होने को बिहार चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है

जन एक्सप्रेस/दिल्ली: हिंदुओं के महापर्व के साथ प्रकृति की प्रार्थना अर्थात छठ पूजा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह दिल्ली में वासुदेव घाट पर आएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को वासुदेव घाट पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अफसरों को सभी सुविधाओं का बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वहां सुरक्षा के भी पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश भी दिए। पीएम मोदी के छठ पूजा में शामिल होने को बिहार चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार सुबह भी दिल्ली के वासुदेव घाट, मयूर विहार घाट, अशोक नगर, कोंडली, त्रिलोकपुरी आदि घाटों का निरीक्षण किया। वहीं, जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने रविवार को बाहरी एवं पश्चिमी दिल्ली के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। वह निहाल विहार, जय विहार, बापरौला के दास गार्डन, नरेला, पल्ला घाट आदि जगहों पर छठ घाट की तैयारियों का निरीक्षण किया। उधर, दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले छठ महापर्व की व्यापक तैयारियों का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कल रविवार को ‘मन की बात’ में सभी देशवासियों से छठ पूजा में शामिल होने की बात कही थी। पीएम मोदी ने कहा था, ”छठ महापर्व संस्कृति, प्रकृति और सामाजिक एकता का प्रतिबिंब है। मेरा आग्रह है कि आप देश-दुनिया में कहीं भी हों, अवसर मिले तो छठ के उत्सव में शामिल होकर इसके अनूठे अनुभव का आनंद जरूर लें।”
हजारों पुलिस के जवान तैनात, सीसीटीवी से निगरानी होगी
दिल्ली सभी छठ घाटों पर सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही, सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है। यहां छठ पूजा समिति के लोग भी तैनात हैं। जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। घाटों पर टेंट लगाने के साथ ही आकर्षक रोशनी से भी सजाया गया है। इसके अलावा कृत्रिम तालाब में भी पानी भर दिया गया है। उधर, नगर निगम और पुलिस-प्रशासन के अफसर भी तैयारियों का जायजा लेते दिखे।
प्रधानमंत्री के लिए कृत्रिम यमुना तैयार कर रही दिल्ली सरकार- आप
दिल्ली में छह पर्व के लिए यमुना किनारे बनाए गए अलग घाट पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और दिल्ली सरकार को घेरा है। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज की ओर से इस घाट का वीडियो एक्स प्लैटफार्म पर शेयर किया गया। इस पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा ने छह पर्व की आस्था का भी मजाक बना दिया है। प्रधानमंत्री के लिए गंगा का जल लाकर आर्टिफिशियल यमुना तैयार की गई है। सौरभ भारद्वाज की ओर से बनाई गई इस वीडियो में आरोप लगाए गए हैं कि वासुदेव घाट पर गंगा के फिल्टर्ड पानी को पाइप लाइन के जरिये लाया गया है।






